अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश सरकार की ओर से नाहन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न उप स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों के निर्माण के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। आमजन के स्वास्थ्य के लिए ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों के निर्माण के लिए धनराशि जारी करने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है।
डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेठी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमटा के लिए 57-57 लाख रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र बर्मा पापड़ी को 28.50 लाख रुपये, उप स्वास्थ्य केंद्र मीरपुर कोटला, सैनवाला (आंबवाला-सैनवाला), पंजाहल, मंडलांहा और चाकली के भवन निर्माण के लिए प्रति उपस्वास्थ्य केंद्र 9.15-9.15 लाख रुपये की पहली किश्त स्वीकृत की गई है। डॉ. बिंदल ने कहा कि धनराशि स्वीकृत होने के बाद नाहन विधानसभा क्षेत्र के इन स्वास्थ्य संस्थानों में नव निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।