अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
रेणुका बांध परियोजना के निर्माण को लेकर वन्य प्राणी विभाग को बदले में दी जाने वाली 50 हेक्टेयर भूमि के भू-मालिकों को मुआवजे का भुगतान हो गया है। बुधवार को रेणुका जी में आयोजित एक विशेष शिविर के दौरान खालाक्यार व जामूकोटि पंचायतों के 691 भू-मालिकों को करीब 11.58 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया। इसको लेकर भू-मालिकों में भारी उत्साह दिखाई दिया।
भू-अर्जन अधिकारी और एसडीएम नाहन विवेक शर्मा ने यह राशि संबंधित भू-मालिकों को अदा की। इस राशि की आस भू-मालिक पिछले लंबे अर्से से ही लगाए बैठे थे। खालाक्यार व जामूकोटि पंचायत की 50 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण करके उसे वन्य प्राणी विभाग को दिया जाना है। जबकि बांध स्थल के साथ लगती वन्य प्राणी विभाग की 49 हेक्टेयर भूमि बांध की जद में आ रही है।
एसडीएम नाहन विवेक शर्मा ने संबंधित भू-मालिकों को 572 बीघा शामलात भूमि का भुगतान किए जाने का पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित क्षेत्र की 50 हेक्टेयर भूमि का अवार्ड अब हो चुका है। यह भूमि रेणुका बांध परियोजना के माध्यम से वन्य प्राणी विभाग को सौंपी जाएगी। कुछ राशि भू-मालिकों के खातों में भेज दी गई है लेकिन कुछेक राशि का भुगतान चेकों के माध्यम से भू-मालिकों को किया गया है।
इस मौके पर कानूनगो मोहन दत्त शर्मा, राजीव गुप्ता, दलीप परमार, केआर भारद्वाज, सीमा पाल व हीरा सिंह सहित राजस्व विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।