साइड स्टोरी---
चालीस किलोमीटर दूर ढांक तक कैसे पहुंची लड़की
मोबाइल लोकेशन बने शव तलाशने में अहम हथियार
खड़ी ढांक के नीचे रस्सी के सहारे उतरकर निकाला शव
सुरेश तोमर/ राजपाल शर्मा
पांवटा/सतौन(सिरमौर)।
लाल ढांक-रोहड़ू एनएच 707 पर शनिवार को सतौन से 6 किमी दूर चिलौन में एक लड़की के शव मिलने के बाद कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। लड़की 40 किलोमीटर दूर इस ढांक तक कैसे पहुंची। लड़की के साथ कोई था या नहीं। यदि कोई था तो वह कौन-कौन थे। लड़की का शव बरामद करने में मोबाइल लोकेशन पुलिस का अहम हथियार बनीं।
कथित आरोपी युवक और मृतक लकड़ी की मोबाइल लोकेशन से टीम शव तक पहुंच सकी। आरोपी युवक के खुद को चाकू मारने के बाद से यह मामला पेचिदा हो गया था। एक तरफ आरोपी युवक के परिजनों का पुलिस पर युवक को प्रताड़ित करने के आरोप लग रहे थे, तो दूसरी ओर बेटी नहीं मिलने से चिंतित लड़की के परिजनों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर घेराव और प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
चार दिनों से धारटीधार के छछेती, मालगी, बिरला बइला, हेवना से चिलौन जंगल छान मारे। जांच टीम को आरोपी युवक की लास्ट मोबाइल लोकेशन बल्दवा और बड़वास तक की मिली। लड़की की मोबाइल की लास्ट लोकेशन हेवना मंदिर के आसपास पाई गई। लिहाजा इसी इलाके में सर्च ऑपरेशन छेड़ा गया। मृतक का शव निकालने में पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शव निकालने में ही चार से पांच घंटों का समय लग गया। डीएसपी प्रमोद चौहान खुद भी टीम के साथ गहरी खाई में उतरे। शव को गहरी खाई में रस्सी की सहायता से बांध कर बाहर निकाला जा सका।
लड़की के परिजनों ने मौके पर पहुंच कर शिनाख्त कर ली है। गौरतलब है कि पुरूवाला गांव की लड़की 11 नवंबर से लापता हुई थी। परिजनों ने पुलिस थाना माजरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। एक युवक पर लड़की को भगाने और हत्या की आशंका भी परिजनों ने जताई थी। कथित आरोपी युवक से पहले 14 नवंबर को पूछताछ की गई और शाम को घर भेज दिया। शुक्रवार 15 नवंबर को आरोपी युवक के घर फिर से पूछताछ को जांच टीम गई तो आरोपी ने स्वयं को चाकू से लहूलुहान कर दिया।
पुलिस के अनुसार गायब होने वाले दिन शाम तक लड़की और युवक की आपस में फोन पर बात होती रही थी। लड़की की आखिरी मोबाइल लोकेशन सतौन व चिलौन के आसपास की रही जिसके आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उधर, डीएसपी प्रमोद चौहान ने कहा कि गहरी खाई थी। टीम ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव को किसी तरह से गहरी खाई से बाहर निकाला है। पांवटा में शव का पोस्टमार्टम होगा। इस मामले की गंभीरता से जांच हो रही है।
---------------