नाहन (सिरमौर)।धनतेरस पर सिरमौर जिला के विभिन्न बाजारों में खूब रौनक रही। बर्तन, ज्वेलर्स की दुकानों में ऐसी भीड़ थी कि तिल धरने तक की जगह नहीं थी। गाड़ी, बर्तन और ज्वेलर्स शॉप के अलावा गाड़ी-बाइक के शोरूम, मिठाइयों, ड्राई फ्रूटस, कपड़ों और फर्नीचर की दुकानों में भी काफी कारोबार हुआ है। पूरे जिला में करोड़ों के कारोबार की संभावना है।
धनतेरस पर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। विभिन्न बाजारों में पहुंचकर लोगों ने जमकर खरीदारी की। विशेषकर पांवटा, कालाअंब, ददाहू, नाहन, सराहां, राजगढ़, राजपुर, सतौन, शिलाई, नौहराधार, हरिपुरधार, संगड़ाह आदि बाजारी में धनतेरस पर रौनक रही।
जिले की कई दुकानों में सोने के पुराने आभूषण की जगह नए आभूषण, पुराने गैस चूल्हे के स्थान पर नया चूल्हा देने के अलावा बर्तनों की खरीदारी पर भी छूट दी जा रही थी। वहीं गिफ्ट आइटम व अन्य सामान की खरीदारी के लिए भी ग्राहकों को दुकानदार लुभाने के प्रयास में लगे रहे।
कारोबारी आकाश गौतम के अनुसार धनतेरस पर दुकानों में ठीक ठाक भीड़ रही। उनके अनुसार हालांकि पिछले साल की अपेक्षा इस साल कारोबार में कुछ कमी आई है। इसकी वजह जीएसटी और ऑन लाइन बुकिंग का होना भी है।
उधर, कपड़ों की दुकानों में महिलाओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक सूट और अन्य सामान खरीदा। चूड़ियों की भी काफी बिक्री हुई।