दोपहर से रात तक बिजली कट बने आफत
देवीनगर में लोगों ने घरों की छतों पर काटा समय
पांवटा साहिब के शहरी क्षेत्र में बढ़ी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के शहरी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाद से देर रात तक बिजली के लंबे कट लगते रहे। इसके चलते हजारों उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पांवटा के मुख्य बाजार तथा देवीनगर क्षेत्र में कई घंटों तक बिजली गुल रही। उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल रहे। देवीनगर में दर्जनों परिवारों ने मंगलवार की रात छत पर गुजारी।
पांवटा निवासी पंकज भटनागर, चेतनदीप सिंह, मोहनीश मोहन, चांद कुमार, श्यामलाल गर्ग, तनुज कश्यप, भारत भूषण गोयल, सुरेंद्र गोयल, अश्वनी राय, अनुज, अचल देव राय, अमित कुमार, विनोद गोयल, गुरदीप सिंह और साहिल गोयल ने कहा कि मुख्य बाजार के क्षेत्र में दोपहर दो से साढ़े आठ बजे तक बिजली गुल रही। इसके बाद फिर रात को भी कई बार लंबे कट लगे। देवीनगर के कई क्षेत्रों में देर शाम से सुबह तक बिजली गुल रही। दर्जनों परिवारों ने रात को बिजली गुल रहने के कारण काफी घंटे मकानों की छत पर गुजारे। पांवटा शहरी क्षेत्र के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात को बिजली कट लगने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने पर देवीनगर क्षेत्र में फाल्ट का पता नहीं चल पाने की बात कही गई। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता डीएस ठाकुर ने कहा कि पांवटा में लाइन में फाल्ट आने से दिक्कतें आई थीं। कई जगहों पर लाइन के साथ पेड़ों की शाखाएं लगती हैं, जिससे बार-बार खराबी आ रहा है। इन स्थलों पर टहनियों को कटवाया जाएगा। शहरी क्षेत्र में करीब आठ बजे बिजली लाइन का फाल्ट दुरुस्त कर बिजली बहाल करवा दी थी लेकिन, देवीनगर में बिजली फाल्ट ठीक करने में काफी समय लग गया। सुबह तक इस क्षेत्र में भी लाइन दुरुस्त करवा दी गई थी।