भवन निर्माण के लिए काटा जा रहा पहाड़
पहाड़ का मलबा और पत्थर गिरने से रेणुका सड़क क्षतिग्रस्त
जान जोखिम में डालकर सफर करने को विवश लोग
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)।
रेणुका-नाहन मार्ग पर मलगांव के समीप पहाड़ खोदकर किया जा रहा भवन निर्माण कार्य वाहनों के लिए मुसीबत बन गया है। इस मार्ग पर किसी भी समय बड़ी दुर्घटना घट सकती है। यहां गलत ढंग से पहाड़ की कटिंग कर भवन निर्माण का कार्य किया जा रहा है जिसके कारण भवन निर्माण का सारा मलबा जहां सड़क पर आ गया है, वहीं बरसात के दिनों में भूस्खलन का खतरा भी पैदा हो गया है।
हैरानी की बात यह है कि बिना स्वीकृति के हो रहे इस कार्य के प्रति लोनिवि अंजान बना हुआ है। बता दें कि जिस जगह पहाड़ खोदकर इस भवन निर्माण के कार्य को अंजाम दिया जा रहा है उसी जगह कुछ समय पूर्व ही सड़क पर टारिंग की गई थी लेकिन अब खुदाई के चलते बड़े-बड़े पत्थरों के सड़क पर गिरने के कारण सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
यही नहीं मलबे व पत्थरों के लगातार गिरने से वाहन चालकों को भी खतरा पैदा हो गया है। यहां आए दिन जाम की स्थिति भी बन रही है। सड़क पर गिरते मलबे और पत्थरों के कारण वाहन चालक जान जोखिम में डालकर यहां से सफर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पहाड़ी को इतना ऊपर तक काट दिया गया है कि बरसात के दिनों में यहां भूस्खलन होने का खतरा है।
उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता नितिश शर्मा ने बताया कि विभाग ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य रोकने के आदेश दे दिए हैं। भूमि मालिक से विभाग की स्वीकृति लेने को कहा गया है। विभाग की स्वीकृति के बिना कार्य करने नहीं दिया जाएगा।
------------
--योगेंद्र अग्रवाल-- तन्हा