शिलाई विधानसभा के दो मतदान केंद्रों में चले लात-घूंसे
च्याना और मटियाना में भिड़े कार्यकर्ता, 9 लोग हुए घायल
क्रास एफआईआर में 51 लोग हुए नामजद, कार्रवाई शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)।
शिलाई विधानसभा में वीरवार को मतदान के दौरान दो मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई मारपीट में 9 लोग घायल हो गए। इस मामले में शिलाई पुलिस ने दोनों ओर से क्रास एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिलाई पंचायत के गांव च्याना व गवाली के मटियाना मतदान केंद्र में मतदान प्रक्रिया के दौरान कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस मारपीट में कुछ लोगों के चोटें आई हैं। हालांकि, चुनाव अधिकारी शिलाई का कहना है कि मतदान पर मारपीट का कोई फर्क नहीं पड़ा। इन केंद्रों में मतदान शांतिपूर्वक रहा। कुछ लोगों के बीच मारपीट पोलिंग बूथ से बाहर हुई।
जानकारी के अनुसार मटियाना गांव के चमेल सिंह, चतर सिंह च्याना, नरेंद्र शर्मा च्याना, गंभीर सिंह मटियाना ने देर सांय बीते वीरवार को थाना शिलाई में दरख्वास्त देकर मामला दर्ज करवाया, जिसमें चमेल सिंह मटियाना ने मटियाना के ही गंभीर सिंह सहित 20 लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाए।
जबकि आरोपी गंभीर सिंह ने भी चमेल सिंह आदि 10 लोगों के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। वहीं दूसरी घटना में च्याना निवासी चतर सिंह आदि ने इसी गांव के नरेंद्र शर्मा सहित 10 लोगों के विरुद्ध मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। नरेंद्र ने भी चतर सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ मारपीट के आरोप लगाकर केस दर्ज करवाया।
उधर, शिलाई पुलिस ने दोनों घटनाओं में घायल सभी 9 लोगों का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि च्याना मतदान केंद्र में फर्जी वोट को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में भीड़ गए। वहीं मटियाना मतदान केंद्र में एजेंट के साथ गाली गलौच व अभद्र व्यवहार के कारण यह वारदात सामने आई।
शिलाई थाना के प्रभारी दुलोराम ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मामलों की क्रास एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों क्रास एफआईआर में 51 लोग नामजद हुए हैं। घायलों के मेडिकल कर उपचार करवाया जा रहा है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-------------हितेश