अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने के पहले दिन सिरमौर जिले में आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप लगे हैं। दरअसल, ददाहू पंचायत घर में स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड बनाए जा रहे थे। कार्ड बनाने की एवज में लोगों से 30 रुपये प्रति व्यक्ति भी लिए जा रहे थे। कांग्रेसियों ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। विधायक विनय कुमार ने कहा है कि इसकी शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी से की जाएगी।
ददाहू पंचायत घर में कार्ड बनाने के लिए 8 से 11 मार्च की तिथि निर्धारित की गई थी लेकिन 10 मार्च को शाम पांच बजे आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके बावजूद यहां कार्ड बनाए जाते रहे। इसको लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है। इस योजना के तहत ददाहू और शीतला पंचायत के 168 परिवारों के लाभार्थियों के कार्ड बनाए जाने थे। हालांकि, दोपहर 12 बजे हाल में ताला लगा कर कर्मचारी चले गए। बताया जा रहा है कि मंगलवार को करीब 30 से 40 हेल्थ कार्ड बनाए गए। रेणुका के विधायक विधायक और पूर्व सीपीएस विनय कुमार ने आयुष्मान कार्ड बनाने को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ प्रदेश निर्वाचन अधिकारी को भी भेजी जाएगी। उधर, उपायुक्त ललित जैन ने बताया कि इस संदर्भ में राज्य सरकार से क्लेरिफिकेशन मांगी गई है।