छठी में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 6 अप्रैल को
जिले में 10 केंद्रों पर होगी जवाहर नवोदय की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 6 अप्रैल को सुबह 11 बजे होगी। इस परीक्षा को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए जिले में दस केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के प्रधानाचार्या ने बताया कि जिले में यह परीक्षा राजगढ़, सराहां, ददाहू, नाहन, पांवटा, सतौन, बकरास, शिलाई, नौहराधार और संगड़ाह में होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय की वेबसाइट से अपना पंजीकरण संख्या की मदद से डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बिना प्रवेश पत्र के अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र में दिए गए परीक्षा केंद्र को अच्छी तरह से जांच ले। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने वाले वे अभ्यर्थी जिनका प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं हो रहा है या जिनकी पंजीकरण संख्या गुम हो गई है तो वे किसी भी कार्यदिवस को नवोदय विद्यालय में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक आकर उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 98170-90909 तथा 94187-38078 पर संपर्क कर सकते हैं।