नौहराधार/ सराहां (सिरमौर)। बर्फबारी के बाद जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। जिले के नौहराधार, हरिपुरधार, संगड़ाह समेत कई इलाके जिला मुख्यालय से कटे हुए हैं। हालांकि शनिवार को मौसम खुलते ही लोनिवि ने मशीनरी सहित सड़कों को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। लेकिन, अभी तक करीब दो दर्जन मार्ग अवरुद्ध पड़े हुए हैं।
हरिपुरधार क्षेत्र में शनिवार को बर्फबारी की वजह से नौहराधार-पुनरधार, हरिपुरधार- कुपवी, हरिपुरधार-संगड़ाह, संगराह-दलयानु, सोलन-मीनस मार्ग बंद पड़े हुए हैं। जबकि जिले के कई इलाकों में अभी भी बत्ती गुल है। बिजली बोर्ड के कर्मचारी बिजली बहाल करने में जुटे हुए हैं। लेकिन 500 से अधिक गांवों में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। सराहां इलाके की करीब दो दर्जन पंचायतों में भी करीब 48 घंटे से बिजली नहीं है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता के एल शर्मा ने बताया कि मशीनरी और मजदूर कार्य पर लगे हैं। सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। जल्द ही मार्ग बहाल कर दिए जाएंगे। करीब 18 पंचायतों में बिजली नहीं है। इनमें नौहराधार, हरिपुरधार, चारना, घंदूरी, नोरा बोरा, गहल, डिमाइना, दिवड़ी खड़ाह, देवमनाल, चोकर, दाना घाटों आदि शामिल हैं। विद्युत बोर्ड राजगढ़ के अधिशासी अभियंता देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि जगह-जगह तारों में ट्रिपिंग आने से बिजली बाधित हो रही है। मौसम साफ रहने पर कार्य जारी है। शीघ्र ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।