नाहन (सिरमौर)। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महामाया माता बालासुंदरी मंदिर में नवरात्र मेले धूमधाम के साथ मनाए जा रहे हैं। नवरात्र में मां के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। नवरात्र के तीसरे और चौथे दिन मंदिर में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेका और पूजा-अर्चना कर पुण्य कमाया। तीसरे दिन शुक्रवार को मंदिर में लगभग आठ लाख, 22 हजार रुपये का नकद चढ़ावा और सोने-चांदी के आभूषण श्रद्धालुओं ने मां बालासुंदरी के चरणों में अर्पित किए।
सिरमौर में नवरात्र उत्सव की धूम है। त्रिलोकपुर स्थित माता बालासुंदरी के मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। पहले नवरात्र की अपेक्षा दूसरे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम रही। लेकिन, तीसरे और चौथे दिन करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त त्रिलोकपुर मंदिर न्यास ललित जैन ने जानकारी दी कि महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में चल रहे नवरात्र मेले के चौथे दिन तक लगभग 28 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन तक श्रद्धालुओं ने लगभग 21,40,930 रुपये नकद व 33.200 ग्राम सोना, 7.200 किलोग्राम चांदी चढ़ाई है। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दूसरे दिन लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दूसरे दिन 8, 90, 985 रुपये के अतिरिक्त 865 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में चढ़ाई गई। जबकि तीसरे दिन 8 लाख, 22 हजार नकद और 700 ग्राम चांदी व 1.6 मिलीग्राम सोना चढ़ाया।