ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते पांवटा में खड़े ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ट्रकों की देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन समेत विभिन्न ट्रक यूनियनों के तहत चलने वाले ट्रकों के पहिये थमे रहे। सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के करीब 900 ट्रक देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हुए हैं। ट्रक यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय और राज्य कमेटी के आह्वान पर हड़ताल जारी है। दो दिन में पांवटा की ट्रक यूनियनों को करीब साठ लाख का नुकसान हो चुका है। जबकि, सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों की आपूर्ति बाधित रहने से दो दिन में ही 40 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन प्रधान बलजीत सिंह नागरा ने कहा कि शनिवार को दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही। इस दौरान सिरमौर ट्रक ऑपरेटर, सतौन, कमरऊ, खोड़ोवाला गिरिपार ट्रक और टैंपो यूनियनों की छोटी-बड़ी गाड़ियां खड़ी रहीं। राष्ट्रीय और प्रदेश यूनियनों के पदाधिकारियों से कोई सूचना नहीं मिली है। अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते दो दिन से स्थानीय यूनियन के करीब 900 ट्रक बाहरी राज्यों में फंसे हुए हैं। इनके चालकों से संपर्क कर सुरक्षित स्थलों पर ट्रक खड़े रखने को कहा गया है। उधर, हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज पांवटा इकाई के अध्यक्ष सतीश गोयल ने बताया कि हड़ताल का असर बढ़ता जा रहा है। जिले में सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों की विभिन्न राज्यों में पहुंचने वाली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो रही है, जिससे हर रोज करोड़ों की चपत लग रही है। हड़ताल पर कोई समाधान जल्द नहीं निकला तो दिक्कतें और बढ़ जाएंगी।
चूना पत्थर खानों पर भी असर
सतौन (सिरमौर)। सतौन ट्रक सोसायटी ने बंद का समर्थन करते हुए शनिवार से माल ढुलाई का कार्य बंद कर दिया है। यह बंद केवल पाउडर की ढुलाई पर है। सतौन से रोजाना 100 ट्रक के करीब चूना पत्थर और पाउडर बाहरी राज्यों को जाता है। सतौन ट्रक सोसायटी के अध्यक्ष सतीश चौहान ने बताया कि पाउडर की डिमांड लेनी बंद की गई है। पत्थर ढुलाई के लिए अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।
कालाअंब में भी ट्रकों के पहिये जाम
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के समर्थन में दूसरे दिन शनिवार को भी हड़ताल रही। कोई गाड़ी उद्योगों को माल ढुलाई के लिए मुहैया नहीं करवाई जा रही है। फिलहाल, ट्रांसपोर्टर और ट्रक ऑपरेटर एआईएमटीसी के अगले दिशा निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। कालाअंब में लगभग 200 ट्रकों सहित लगभग सौ चार पहिया वाहनों के पहिये दो दिन से थमे हुए हैं।