अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
जिला के अप्रशिक्षित अध्यापकों में डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन (डीएलएड) को लेकर असमंजस की स्थिति बरकरार है। अध्यापकों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
बुधवार को रेणुका जी के कुब्जा पवेलियन में आयोजित हुई बैठक में डीएलएड कोर्स के संचालन को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया जिसमें इन शिक्षकों ने इस कोर्स को लेकर स्कूल के मुख्याध्यापकों व प्रधानाचार्यों को लिखित आदेश भेजने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि यह कोर्स 17 फरवरी से पूरे राज्य में शुरू हो रहा है लेकिन कुछ स्कूलों के मुख्याध्यापकों को इस संबंध में कोई आदेश नहीं मिले हैं जिससे अध्यापकों में कोर्स को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वह अनभिज्ञ हैं कि उन्हें ऑन ड्यूटी भेजा जाएगा या अपने खर्चे पर। इसमें सबसे अधिक समस्या अनुबंध कर्मचारियों को आ रही है क्योंकि यह कर्मचारी स्कूल मुख्याध्यापक के अधीन कार्य करते हैं। इन अध्यापकों ने मांग की है कि इस बारे में स्पष्ट स्थिति से अवगत करवाया जाए तथा इस बारे में उपनिदेशक शिक्षा को आदेश भेजे जाएं।
इस मौके पर सुदेश कुमारी, सीमा देवी, हरीश कुमार, जोगिंद्र सिंह, बालक राम, देवराज आदि शिक्षक मौजूद रहे।