स्मैक के साथ दो व्यक्ति गिरफ्तार
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा और माजरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो बाइक सवारों को स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू व माजरा पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटड़ी व्यास की तरफ से दो व्यक्ति एक बाइक पर सवार होकर निकले हैं। दोनों की तलाशी के दौरान नशे संबंधी पदार्थ बरामद किया जा सकता है। लिहाजा, पुलिस ने बाइक सवारों को पकड़ने के लिए गश्त तेज कर दी। पुलिस ने कोटड़ी व्यास की तरफ से आ रहे बिना नंबर की बाइक को रोका तो पीछे बैठे बाइक सवार राजू की जेब से पुलिस ने 7.92 ग्राम स्मैक बरामद की। इस पर बाइक सवार बाइक चालक नूर मोहम्मद व राजू के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जा रही है।
---------------