सिरमौर पुलिस ने जब्त किए 18 ओवरलोड डंपर
एएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम ने रात को की कार्रवाई
पांवटा में 10, पुरुवाला और कालाअंब में चार-चार डंपर पकड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने खनन सामग्री लेकर जा रहे ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी करके 18 डंपर जब्त किए हैं। खास बात यह है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा के नेतृत्व में यह कार्रवाई 26 जुलाई की रात से 27 जुलाई तड़के तक की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान यहां पर 10 ओवरलोड डंपर पकड़े। ये सभी उत्तराखंड और हरियाणा के थे। इसके अलावा पुलिस ने पांवटा साहिब के साथ लगते क्षेत्र पुरुवाला में भी अभियान चलाया। यहां 4 वाहन जब्त किए गए। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पुलिस टीम ने 4 ओवरलोड डंपर जब्त किए। पुलिस ने यह कार्रवाई शनिवार देर रात 11 बजे से रविवार तड़के 3:30 बजे तक की।
दरअसल, सिरमौर जिला हरियाणा और उत्तराखंड की सीमाओं से सटा हुआ है। ऐसे में पांवटा साहिब, कालाअंब व इसके आसपास अवैध खनन और ओवरलोडिंग की गतिविधियों को रात के समय अकसर खनन माफिया और वाहन चालक अंजाम देते हैं। पुलिस ने अभियान चलाकर इन पर नकेल कसी है। हाल ही में पुलिस ने ऐसे 37 वाहन पकड़े थे। वहीं एक दर्जन से अधिक को जब्त किया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त 18 वाहनों के चालान अदालत में भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में ओवरलोडिंग और खनन माफिया को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।
...संवाद