डेंगू का कहर : एक साथ आए 18 नए मरीज, आंकड़ा पहुंचा 267
स्थिति बनी चिंताजनक, स्क्रब टायफस का नहीं मिला कोई मामला
स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को कर रहा जागरूक : सीएमओ
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों से स्थिति चिंताजनक बन गई है। शनिवार को भी एक साथ 18 नए मरीज विभिन्न अस्पतालों में पहुंचे। लिहाजा, जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 267 पहुंच गया है।
सुखद बात ये रही कि शनिवार को स्क्रब टायफस का कोई नया मामला नहीं मिला। अब तक जिले में स्क्रब टायफस के 169 मरीज हो चुके हैं। बहरहाल, स्वास्थ्य विभाग डेंगू और स्क्रब टायफस की रोकथाम को लेकर लगातार जागरुकता अभियान चला रहा है।
जिले के निचले क्षेत्रों में विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। वहीं, नगर परिषद और डेंगू प्रभावित पंचायतों में फॉगिंग लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि जिला सिरमौर के मैदानी क्षेत्रों में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले डेढ़ माह से जिले के अस्पतालों में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग डेंगू की स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। कई जगह जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डाॅ. अजय पाठक ने बताया कि शनिवार को जिले में डेंगू ने 18 मरीज पहुंचे। फिलहाल स्क्रब टायफस का कोई मामला नहीं आया है। उन्होंने बताया कि
स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। डेंगू और स्क्रब टायफस की रोकथाम को लेकर विभाग पूरी तरह मुस्तैद है।