भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा सात जुलाई को
एक माह तक आयोजित होंगे धार्मिक अनुष्ठान
नाहन (सिरमौर)। भगवान श्री जगन्नाथ सात जुलाई को रथ पर आरुढ़ होकर नगर का भ्रमण करेंगे। श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर रथ यात्रा मंडल ने तैयारियों पर मंथन किया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर सात जून से छह जुलाई तक प्रतिदिन सुबह पांच बजे जगन्नाथ मंदिर से शहर में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 28 जून से चार जुलाई तक मंदिर में शाम तीन बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। पांच से सात जुलाई तक सुबह सात बजे श्री विग्रहों का महापूजन किया जाएगा। सात जुलाई को सुबह आठ बजे पूर्णाहुति होगी। इसी दिन नौ बजे भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर चौगान मैदान पहुंचेगी। यहां से शहर के विभिन्न हिस्सों में भगवान जगन्नाथ की विशाल रथ यात्रा निकाली जाएगी।
उधर, श्री जगन्नाथ मंदिर बड़ा चौक नाहन में आयोजित बैठक के दौरान नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रकाशचंद बंसल को रथ यात्रा मंडल का अध्यक्ष बनाया गया। पीयूष गर्ग को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अनूप वर्मा को उपाध्यक्ष, भुवन जोशी को महासचिव, मनु कंवर को सहसचिव, योगेश जैन को कोषाध्यक्ष, सतीश गर्ग को मुख्य सलाहकार, प्रवीण गुप्ता को सह सलाहकार, नितिन गुप्ता को प्रेस सचिव, गुरुमुख सिंह और आशीष सिंगला को सह प्रेस सचिव, सुनील दत्त और तेजवीर सिंह को स्टोर प्रभारी, जबकि भूपेंद्र अग्रवाल को सह स्टोर प्रभारी नियुक्त किया गया।