नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड जमा दो की वार्षिक परीक्षा के परिणामों में बेटियों का जलवा रहा। सिरमौर की बेटियां जिला ही नहीं बल्कि प्रदेश स्तर पर भी मेरिट लिस्ट में ‘सिरमौर’ बनीं हैं। बेटियों के मां-बाप का सीना फख्र से चौड़ा हो गया है तो आंखें खुशी से भर आईं।
स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा दो की परीक्षा में टॉप टेन लिस्ट में सिरमौर की पांच छात्राओं ने जगह बनाई है। हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में मेरिट लिस्ट में जगह पाने वाले छात्रों में 50 फीसदी कमी आई है। पिछले वर्ष जिले के दस विद्यार्थियों ने टॉप टेन मेरिट लिस्ट में जगह बनाई थी। खास यह रहा कि कान्वेंट स्कूलों की भांति ही सरकारी स्कूलों की छात्राएं भी पीछे नहीं रहीं।
वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू की प्रेरणा ने आर्ट्स संकाय की मेरिट में चौथे स्थान पर जगह बनाई। कला संकाय में ही अंबोया स्कूल की तनुजा चौहान नौवें स्थान पर रही। जबकि कॉमर्स संकाय में कॅरिअर अकादमी की प्रीति ने पहला स्थान अर्जित किया। इसी स्कूल की नित्या चौथे स्थान पर रही। जबकि आदर्श विद्या निकेतन नाहन की ईशिता अग्रवाल ने दूसरे स्थान पर अपनी जगह बनाई। विज्ञान संकाय में कोई भी जिला से मेरिट में नहीं आया।
कॅरियर अकादमी एसएस राठी ने छात्राओं को बधाई दी है। दोनों छात्राओं और उसके परिजनों को स्कूल बुलाया गया और मिठाइयां बांटी गईं। इस दौरान प्रधानाचार्य सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा। जबकि सीसे स्कूल अंबोया और ददाहू में भी छात्राएं मिठाइयां लेकर स्कूल पहुंचीं और अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। उधर, जिला उप निदेशक दिलवर जीत सिंह ने कहा कि इस साल परिणाम बेहतर रहा है। पांच छात्राओं ने टॉप टेन में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर अभी तक रिजल्ट का पूरा विवरण नहीं बन पाया है। एक-दो दिन में विवरण बनकर तैयार हो जाएगा।