चूड़धार के जंगल में श्रुति की तलाश को निकले एसपी रोहित मालपानी व अन्य लोग।
- फोटो : अमर उजाला
नौहराधार (सिरमौर)। चूड़धार यात्रा के दौरान अचानक तीसरी नामक स्थान से लापता हुई श्रुति का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। मामले की तय तक जाने के लिए एसपी सिरमौर रोहित मालपानी स्वयं पूरी टीम के साथ चूड़धार की ओर रवाना हुए थे। इस दौरान इलाके में 25 से अधिक लोगों से श्रुति के संदर्भ में पूछताछ की गई। इनमें चूड़धार के जंगलों में रहने वाले गुज्जर समुदाय के लोग भी शामिल हैं लेकिन, अभी तक कोई ठोस निष्कर्ष तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। श्रुति पर जंगली जानवरों ने हमला किया या फिर वह किसी हादसे का शिकार हुई या उसका अपहरण हुआ? फिलहाल, पुलिस कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। एनडीआरएफ से मांगी गई सहायता का भी अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। गौरतलब है कि दो जुलाई को अपने परिजनों के साथ चूड़धार यात्रा पर निकली पांच साल की श्रुति तीसरी नामक स्थान से अचानक लापता हो गई थी। उसकी तलाश के लिए छेड़े गए सर्च ऑपरेशन को अभी तक किसी तरह की सफलता नहीं मिल सकी है। वीरवार को एसपी रोहित मालपानी, डीएसपी अनिल धोल्टा और एसएचओ नौहराधार पूरी टीम के साथ चूड़धार की ओर रवाना हुए। करीब 17 लोगों की इस टीम ने जंगल का चप्पा-चप्पा छाना। जंगलों में रह रहे गुज्जरों से भी पूछताछ की गई। कुल 25 लोगों से इस संदर्भ में पूछताछ की। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि मामले में लोगों से कड़ी पूछताछ की गई है। लेकिन, अभी श्रुति के मामले को लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
एनडीआरफ पर टिकी निगाहें
श्रुति की तलाश के लिए जिला पुलिस ने डीजीपी के माध्यम से पत्राचार कर एनडीआरएफ की मदद मांगी है। लेकिन, अभी तक एनडीआरएफ की ओर से किसी तरह का रिस्पांस नहीं मिल पाया है। लोगों की निगाहें अब एनडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। वहीं, पुलिस छानबीन में भी कुछ खुलासे होने की उम्मीद है। हालांकि, पुलिस फिलहाल कुछ भी नहीं कह रही लेकिन, संभावना जताई जा रही है कि चूड़धार में कई लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस के हाथ कुछ पुख्ता जानकारी लगी होगी। फिलहाल उसे सार्वजनिक नहीं किया जा रहा।