कालाअंब (सिरमौर)।
महामाया बालासुंदरी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेला धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। महामाया बालासुंदरी के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दूसरे नवरात्र पर सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी दर्ज की गई थी, लेकिन मंगलवार को तीसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया। तीसरे दिन करीब 30 हजार श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे।
महामाया के दर्शन के लिए सिरमौर के ही नहीं बल्कि हिमाचल के कोने-कोने से लोग यहां पहुंच रहे हैं। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली आदि से श्रद्धालु भारी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।
उपायुक्त सिरमौर एवं अध्यक्ष त्रिलोकपुर मंदिर न्यास ललित जैन ने बताया कि महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले के तीसरेे दिन तक लगभग 1 लाख 15 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। मंदिर में नवरात्र के तीसरे दिन तक श्रद्धालुओं द्वारा लगभग 40 लाख 72 हजार 837 रुपयेे नकद राशि, 47 ग्राम 900 मिलीग्राम सोना व 6 किलो 900 ग्राम चांदी चढ़ाई गई। उन्होंने बताया कि नवरात्र के तीसरेे दिन लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। तीसरे दिन 8 लाख 72 हजार 572 रुपये के अतिरिक्त 06 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना व 1 किलो 500 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप चढ़ाई गई।
---------------