अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
युवा सेवा एवं खेल विभाग सिरमौर के सौजन्य से वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नघेता में आयोजित दो दिवसीय युवा उत्सव संपन्न हो गया है। शनिवार को आयोजित समापन समारोह में उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न खंडों से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
युवा उत्सव में जिले के 6 विकास खंडों के 120 युवा कलाकारों ने एकांकी, हारमोनियम, शास्त्रीय संगीत, सितार, तबला, कथक, वाद्ययंत्र, लोकगीत तथा लोकनृत्य में अपनी कला का प्रदर्शन किया। एकांकी में नाहन प्रथम, पांवटा साहिब द्वितीय तथा पच्छाद तृतीय स्थान पर रहा जबकि हारमोनियम में प्रथम स्थान राजेश राजगढ़ तथा जगदीश पच्छाद से द्वितीय रहे। शास्त्रीय संगीत में नाहन के मनीष ने पहले स्थान पर बाजी मारी। जबकि संगड़ाह के राकेश को द्वितीय पुरस्कार मिला।
सितार वादन में संगड़ाह की नीलम कुमारी पहले पायदान पर रही। तबला वादन में पच्छाद के हरनेक सिंह का दबदबा रहा। कथक में नाहन की वंदना शर्मा ने बाजी मारी जबकि वाद्ययंत्र में संगड़ाह खंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोक गीत में राजगढ़ प्रथम, पच्छाद द्वितीय तथा पांवटा साहिब तृतीय स्थान पर रहे जबकि लोक नृत्य में पांवटा साहिब प्रथम, राजगढ़ द्वितीय तथा पच्छाद तृतीय स्थान पर रहे।
समापन समारोह में कलाकारों एवं स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त बीसी बडालिया ने बताया कि जिला सिरमौर के युवाओं ने खेलकूद प्रतियोगिताओं, कला तथा संस्कृति से अपनी संस्कृति को बचाए रखने में अहम योगदान दिया है जिसके कारण आज हमारे जिले का नाम प्रदेश में ही नहीं अपितु देश में रोशन हुआ है।
उन्होंने बताया कि आज जो भी प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे, उन्हें 6 से 8 दिसंबर तक बिलासपुर जिला में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने पर प्रियंका नेगी, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुश्ती का कांस्य पदक जीतने वाली कुमारी रानी को भी सम्मानित किया गया। बास्केटबाल में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली नाहन की डीएसपी गुलशन नेगी को भी मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया।