अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। बरसात के मौसम में जानलेवा साबित होने वाली सड़कों पर एचआरटीसी की बसें अब नहीं चलेंगी। जबकि बारिश, धुंध या भूस्खलन होने पर बस सावधानी पूर्वक चलाई जाएगी। वहीं दुर्घटना संभावित मार्गों पर बस को नहीं चलाया जाएगा। यदि कोई यात्री जबरन बस ले जाने की मांग करता है तो क्षेत्रीय प्रबंधक के माध्यम से इसकी जानकारी पुलिस को दी जाएगी। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने प्रदेश के क्षेत्रीय प्रबंधकों को इस बारे में आदेश जारी किए हैं।
वर्षा, भूस्खलन व कच्ची सड़कों पर हुई दुर्घटना के मद्देनजर सरकार ने इससे बचने के लिए यह आदेश जारी किए हैं। परिवहन मंत्री जीएस बाली द्वारा जारी इन आदेशों की प्रतियां आजकल निगम की बसों में चस्पां की जा रही हैं। चस्पां की जा रही इन प्रतियों में परिवहन मंत्री की ओर से चालकों को यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी कदम उठाने की बात कही गई है।
आदेश में कहा गया है कि बस में सवार यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा एक चालक पर निर्भर करता है। ऐसे में चालक वर्षा, धुंध, भू-स्खलन व कच्ची सड़कों पर गाड़ी ध्यानपूर्वक चलाए। धुंध में फोक लाइटों का प्रयोग करें। धुंध में सामने से आ रहे वाहनों को पास देने के चक्कर में कच्ची सड़क पर बस न उतारें। ऐसा करने से यात्रियों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
आदेशों में स्पष्ट कहा गया है कि यदि यात्री चालक-परिचालक को बस को फिसलन, दुर्घटना संभावित क्षेत्र या खराब मौसम में जोखिम उठाने का दबाव बनाते हुए बस चलाने को कहे तो वह बस को किसी भी सूरत में न चलाए। वह बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर इसकी सूचना तत्काल बस अड्डा प्रभारी व आरएम को फोन पर दे ताकि वह पंचायत प्रतिनिधियों एवं पुलिस की सहायता से आगामी कार्रवाई अमल में लाए। मंत्री जीएस बाली ने संदेश में स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक रशीद शेख और अड्डा प्रभारी सुखराम ने बताया कि परिवहन मंत्री एवं विभाग के एमडी द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं जो सही है। इससे यात्रियों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जा सकेगी।
---
चलाना-नेहरस्वार सड़क पर बस की बंद
परिवहन मंत्री के निर्देशों के बाद चलाना-नेहरस्वार सड़क पर चलने वाली बस को फिलहाल बंद कर दिया है क्योंकि लोनिवि ने सड़क पर पड़े गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी डाल दी है जो बरसात में पूरी सड़क पर फिसलन का काम कर रही है। ऐसे में निगम ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर बस को रोक दिया है।
--जिंदगी खतरे में डालकर बस नहीं चलाएगा एचआरटीसी
--खराब सड़कों पर अब बस नहीं चलाने के बाली के निर्देश
दुर्घटना से बचने के लिए सराहनीय माने जा रहे मंत्री के आदेश