अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। अकाल चैरिटेबल हॉस्पिटल एवं अकाल कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त सहयोग से शुक्रवार को 96वां निशुल्क मल्टी स्पेशियलिटी मेडिकल और सर्जिकल शिविर बडू साहिब में लगाया गया। अकाल चैरिटेबल हॉस्पिटल में आयोजित शिविर के पहले दिन तकरीबन 460 लोगों की स्वास्थ्य की जांच की गई और 10 सर्जरी भी की गईं। शिविर में यूएस, कनाडा के साथ पंजाब, दिल्ली, लुधियाना, जयपुर और चंडीगढ़ के चिकित्सकों और सर्जनों ने प्रदेशभर से आए मरीजों को मुफ्त सेवाएं प्रदान कीं।
निशुल्क जांच शिविर में पित्ताशय, हिस्टेरेक्टॉमी, हर्निया, त्वचा निरोपण, ऑर्थो संबंधित सर्जरी की गईं। साथ ही बीएमआई, ब्लड प्रेशर, सीबीसी, मधुमेह, थायराइड, दमे के मरीजों का भी मुफ्त इलाज किया गया। कलगीधर ट्रस्ट के सचिव डॉ. देविंदर सिंह ने बताया कि ट्रस्ट सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रसर रहता है।
इसके चलते अकाल चैरिटेबल हॉस्पिटल की ओर से साल में चार बार ऐसे निशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता है। आज के समय में किसी भी मामूली सी बीमारी का इलाज बहुत महंगा होता जा रहा है। ऐसे में यह शिविर गरीबों के लिए वरदान साबित होते हैं। जहां मुफ्त इलाज और दवाओं के साथ-साथ महंगी सर्जरी भी मुफ्त कराई जाती है।