ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका उत्सव के शुभारंभ पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिरमौर के लिए तोहफों की सौगात दी है। पहली सांस्कृतिक संध्या में रेणु मंच से मुख्यमंत्री ने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अहम घोषणाएं कीं। पांवटा, शिलाई और नाहन विस क्षेत्र में आईटीआई खोलने के अलावा पुरूवाला में पुलिस थाना खोलने की घोषणा की। वहीं, सराहां में अगले वित्त वर्ष से एसडीएम कार्यालय खोलने का ऐलान किया, जबकि ददाहू को आईपीएच उपमंडल की सौगात दी।
प्रथम सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च पाठशाला मिश्रवाला को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, राजकीय माध्यमिक पाठशाला लोहगढ़ को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने और कोलावाला भूड़ में आईटीआई खोलने की घोषणा की। पावंटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने पुरूवाला में पुलिस थाना, अंबोया में आईटीआई, राजकीय उच्च पाठशाला रामपुरघाट को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, बेहड़वाला सड़क के लिए 10 लाख रुपये, राजकीय उच्च पाठशाला घैरा और दुधम मतियाणा को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने का ऐलान किया। उन्होंने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में मुख्यमंत्री लोक भवन, सतौन में आईटीआई खोलने, अंबौण खड्ड के तटीकरण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने राजकीय उच्च पाठशाला सड़यार को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्तरोन्नत करने का भी ऐलान किया। रेणुका विधानसभा क्षेत्र के लिए उन्होंने अंधेरी में मुख्यमंत्री लोक भवन खोलने, तीन संपर्क सड़कों के लिए 25 लाख रुपये और किंकरी देवी स्मारक पार्क संगड़ाह के लिए 10 लाख रुपये दिए। इस अवसर पर विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, विधायक सुरेश कश्यप, हर्षवर्धन चौहान, विनय कुमार उपस्थित रहे।