ददाहू (सिरमौर)। डिग्री कॉलेज ददाहू में अध्ययनरत छात्रों की पढ़ाई में फिर व्यवधान पड़ सकता है। सोमवार से नियमित तौर पर कक्षाओं का संचालन नहीं हो पाएगा। संगड़ाह कॉलेज से प्रतिनियुक्ति पर भेजे जा रहे प्राध्यापक वापस लौट सकते हैं। क्योंकि प्रतिनियुक्ति के चलते संगड़ाह कॉलेज में भी पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पा रहा है।
पिछले 15 दिन के दौरान ही ददाहू कॉलेज में कक्षा का संचालन हो पाया है लेकिन, अब फिर से पढ़ाई प्रभावित होने के आसार स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। आधा अगस्त बीतने पर भी कॉलेज में प्राध्यापकों की स्थायी नियुक्ति नहीं हो पाई है। इससे अभिभावकों में भारी रोष है। स्थानीय विधायक और पूर्व सीपीएस विनय कुमार ने डिग्री कॉलेजों ददाहू में स्टाफ की भरपाई को लेकर बीते पांच अगस्त को अपना आंदोलन स्थगित कर 15 दिन का प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम दिया था लेकिन 15 दिन बाद स्टाफ मिलना तो दूर जो प्रतिनियुक्ति पर हैं वे भी वापस लौट रहे हैं। ऐसे में डिग्री कॉलेज ददाहू में प्रवेश ले चुके 140 छात्र-छात्राओं के भविष्य पर तलवार लटक गई है। जिन विषयों के प्राध्यापकों को ददाहू में अपनी सेवाएं देने के लिए प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा रहा है, उन विषयों का पाठ्यक्रम संगड़ाह में भी प्रभावित हो रहा है। इसके चलते उन प्राध्यापकों को सोमवार से वापस बुलाया जा रहा है। उधर, डिग्री कॉलेज ददाहू के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश भारद्वाज ने बताया कि संगड़ाह कॉलेज में पाठ्यक्रम पूरा न हो पाने के कारण प्रतिनियुक्ति पर ददाहू भेजे प्राध्यापकों को वापस बुलाया जा रहा है। ददाहू कॉलेज में अभी तक एक भी प्राध्यापक की नियुक्ति नहीं हो पाई है। अभी तक संगड़ाह कॉलेज के अध्यापकों से ही काम चलाया जा रहा था।
मुख्यमंत्री से जल्द मिलेगा प्रतिनिधिमंडल : विनय
रेणुका के विधायक विनय कुमार ने कहा कि वह डिग्री कॉलेज ददाहू के संदर्भ में प्रदेश सरकार को एक मौका और देंगे। अगले सप्ताह विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा। इसमें ददाहू कॉलेज का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। यदि फिर भी प्राध्यापकों के पदों को नहीं भरा गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।