अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
नाहन का ऐतिहासिक रानीताल बाग पार्किंग स्थल बनता जा रहा है। प्रतिबंध के बावजूद यहां सरेआम वाहन पार्क किए जा रहे हैं। नगर परिषद इस रानीताल बाग की सुंदरता बनाए रखने में विफल साबित हो रही है।
आलम यह है कि धार्मिक आयोजन के नाम पर इस बाग में सरेआम वाहन ले जाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन व नगर परिषद की उदासीनता के कारण कुछ लोगों की मनमानी अपने चरम पर है। बता दें कि रानीताल बाग स्थित शिव मंदिर में शिवरात्रि पर्व को लेकर धार्मिक आयोजन किया गया था जिसके चलते पिछले चार दिन से रानीताल बाग में वाहनों का प्रवेश करवाया जा रहा है। जबकि यह बाग किसी भी प्रकार के वाहन के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
हैरानी की बात यह है कि नगर परिषद के अधिकारियों एवं शहर के पार्षदों को भी इसकी सूचना है। बावजूद इसके वाहनों के प्रवेश को रोके जाने के लिए किसी ने कोई कदम नहीं उठाया है। गौरतलब हो कि पहले भी रानीताल बाग में चोरी छिपे वाहन ले जाए जाते रहे हैं जिससे यहां के पौधों व टाइलों को नुकसान पहुंचा है।
शहर के सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमपाल महेंद्रु् ने बताया कि रानीताल में वाहन ले जाना उचित नहीं है। वाहनों के कारण टाइलों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों एवं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष को फोन भी किया लेकिन किसी ने यह मनमानी नहीं रोकी।
उधर, अलख संस्था के महासचिव प्रभात कुमार ने कहा कि वाहनों को रानीताल में प्रवेश करवाया जा रहा है जो गलत है। धार्मिक आयोजन हो अच्छी बात है लेकिन इसकी ऐतिहासिकता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सूरत सिंह नेगी ने बताया कि इसकी जांच कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।