अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
उपायुक्त कार्यालय नाहन में वीरवार को झंडा दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सैनिक कल्याण विभाग सिरमौर-सोलन के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने उपायुक्त को झंडा दिवस का बैच लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डीसी सिरमौर बीसी बडालिया ने झंडा दिवस पर सिरमौर जिला के सभी सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों उनके आश्रितों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों से झंडा दिवस पर उदारता से दान देने की अपील की ताकि एकत्रित राशि का उपयोग युद्ध में अपंग हुए सैनिकों व शहीद हुए जवानों के आश्रितों के कल्याणार्थ उपयोग में लाया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि पूरे देश में हर वर्ष सात दिसंबर को झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है और हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्णयानुसार झंडा दिवस समारोह सात दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश के असंख्य वीर जवान भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करके वीरगति को प्राप्त होते हैं तो बहुत से सैनिक अपंग हो जाते हैं। ऐसे में वीर जवानों का परिवार असहाय हो जाता है।
उन्होंने कहा कि झंडा दिवस के उपलक्ष्य पर सभी विभागों एवं शिक्षण संस्थानों में टिकटें उपलब्ध करवा दी गई हैं। इसके अतिरिक्त जिला में कार्यरत सभी उद्योगों में भी झंडा दिवस की टिकटें उपलब्ध करवाई जा रही हैं ताकि समाज का हर वर्ग इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
उन्होंने कहा कि युद्ध पीड़ित व भूतपूर्व सैनिकों के पुनर्वास एवं कल्याण के लिए केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं। इसके साथ हर नागरिक का भी कर्तव्य है कि वह अपनी आय का कुछ अंश झंडा दिवस पर भी दान करें ताकि जरूरतमंद भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की सहायता की जा सके।