नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य उपकेंद्र देवका पुड़ला में सोमवार को राष्ट्रीय आयोडीन कमी दिवस मनाया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय महिला मंडल सदस्य रितु ने की।
इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व अन्य महिलाओं को आयोडीन की कमी के कारण होने वाली बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि शरीर में आयोडीन की कमी से कई रोग पैदा हो सकते हैं। घेंघा भेंगा व बौनापन जैसी समस्याएं या बीमारी आयोडीन की कमी के लक्षण हैं। गर्भवती महिलाओं में यदि आयोडीन की कमी हो जाती है तो गर्भपात या फिर कम वजन वाले बच्चे के जन्म की संभावना बनी रहती है।
उन्होंने महिलाओं को बताया कि बीमारियों से बचने के लिए उन्हें सिर्फ आयोडीन युक्त नमक का ही सेवन करना चाहिए। नमक को सिर्फ साफ व सूखे हवा बंद डिब्बे में रखें। दैनिक भोजन में आयोडाइज्ड नमक लेने से ही आयोडीन की कमी को दूर किया जा सकता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रोमिला कुमारी, किरण बाला, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चमेली, अमरा देवी, धनमंती व कविता आदि महिलाएं उपस्थित रहीं।