नौहराधार (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के कई गांवों में भैयादूज के उपलक्ष्य पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की खूब धूम रही। नौहराधार, चौरास, देवामानल में शनिवार की रात्रि को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। हिमाचल के नामी कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पहाड़ी व हिंदी गानों से लोगों का जमकर मनोरंजन किया।
वहीं लोक कलाकारों ने रासा, बुढियाचू, हारुल व बिरसु जैसे पारंपरिक लोकगीतों से समां बांधा। लोक कलाकार आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा पहने हाथ में ढोल नगाड़े, करनाल व हुलक की धुनों पर लोगों को नचाते रहे।
नौहराधार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने सरदार भगत सिंह नाटक का मंचन किया। इस मौके पर भूषण ज्वैलर्स सोलन से संजीव गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इसके बाद पहाड़ी कलाकार कुलदीप धीमान ने मंच संभाला। उन्होंने एक के बाद एक पहाड़ी गीत पेश कर लोगों का खूब मनोरंजन किया।
इसके बाद तनुजा चौहान ने कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के मुख्य कलाकार रफी नाइट विजेता राजीव राजा जैसे ही मंच पर पहुंचे, लोगों ने सीटियों से उनका स्वागत किया। राजा ने शिरगुल महिमा से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपनी वीडियो एलबम का मशहूर गीत शुन झूरिये शुन जियो री बातों, यार नी मिलना दिलदार नी मिलना, शुकी धारो रे गोरु हो आमा मेरिये आदि गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान उन्होंने फिल्मी गानों का भी खूब तड़का लगाया। अंत में हिमाचल के नामी कलाकार हनी नेगी ने अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने धारो पांदे लागे कुफडू मामा गेंदूये रो खेलो हो, बीबी मिनकी रे ठंडा पाणी दे पिलाये आदि गीत गाकर नौजवानों से बुजुर्गों को नाचने पर विवश कर दिया। इस संध्या में स्थानीय कलाकार रणधीर चौहान ने भी अपनी प्रस्तुति दी तथा खूब वाहवाही लूटी। नाटक मंचन करने वाले कलाकारों को मुख्यातिथि ने अपनी ऐच्छिक निधि से 51000 हजार रुपये भेंट स्वरूप दिए।
उधर, देवामानल में भी इंडियन आइडल फेम दीपक चौहान ने अपनी प्रस्तुति से खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यातिथि राजेंद्र ज्वैलर्स सोलन ने 51000 रुपये भेंट स्वरूप प्रदान किए।
-------