नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक त्रिलोकपुर द्वारा त्रिलोकपुर पंचायत के टेडी बरोटी में एक दिवसीय ग्रामीण स्तरीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बैंक प्रबंधक प्रदीप तोमर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
प्रदीप तोमर ने स्थानीय लोगों को अनावश्यक खर्च कम करके बचत करने का आह्वान दिया।
इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों को बैंक द्वारा चलाई जा रही ऋण योजनाओं जैसे किसान क्रेडिट कार्ड, हिम स्वरोजगार योजना, मुद्रा ऋण योजना सहित अन्य सभी प्रकार की ऋण योजनाओं से अवगत करवाया।
बैंक कर्मी हरीश शर्मा ने ग्रामीणों को बैंक की सभी बचत योजनाओं की जानकारी प्रदान की। जबकि बैंक कर्मी सुनील ठाकुर ने ग्रामीणों को ऑन लाइन बैंकिंग, नेट बैंकिंग, एटीएम संचालन संबंधी जानकारी से लाभान्वित किया। शिविर के दौरान बैंक प्रबंधक प्रदीप तोमर ने ग्रामीणों विशेषकर महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रदीप तोमर ने कहा कि महिलाएं छोटे-छोटे स्वयं सहायता समूह बना कर एक-दूसरे की मदद कर सकती हैं। ऐसा होने से समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य के लिए बचत आवश्यक है।
ऐसे में उन्हें छोटी-छोटी बचत करनी चाहिए। अनावश्यक खर्चों से बचना चाहिए। शिविर के दौरान ग्रामीणों को बैंक में खाते खोलने के लिए भी प्रेरित किया गया।
शिविर में वार्ड मेंबर सुमन देवी, आंगनबाड़ी वर्कर गीता देवी, अनुराधा, चंबा देवी, मधुबाला, मंजू ठाकुर, गायत्री देवी, रजत, रिकूं, दिग्विजय सिंह, मनीष, बलदेव, दुर्गा सिंह, मनोज, सुदेश सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।