अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। अतिरिक्त उपायुक्त हरबंस नेगी ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक को निर्देश दिए हैं कि जिला में दुकानों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। वह जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जिला में कुल 1,21,871 राशन कार्ड धारक हैं जिनमें से एपीएल 82,739 राशन कार्ड धारकों के 3,77,602 लोगों, बीपीएल 20,275 के राशन कार्डों के 1,10,371, अंतोदेय अन्न योजना 10019 के राशन कार्डों के 55,609, प्राथमिकता वाले परिवार 8838 के राशन कार्डों के 46,284 तथा अन्नपूर्णा योजना 56 राशन कार्ड धारकों के 56 लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
सभी राशन कार्ड धारकों को डिजिटल राशन कार्डों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कुछ राशन कार्डों में पाई गई खामियों के संशोधन का कार्य भी ब्लॉक स्तर पर निरीक्षकों द्वारा किया जा रहा है। शीघ्र ही यह कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। उचित मूल्य की दुकानों में पॉज मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिले में छह माह के दौरान लगभग 150 करोड़ रुपये की राशि की आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्यों की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान उपभोक्ताओं को 29,538 क्विंटल गेहूं का आटा, चावल एपीएल 76,941 क्विंटल, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 28,393 क्विंटल आटा व 25591 क्विंटल चावल उपलब्ध करवाए गए। उन्होंने बताया कि इस दौरान 17290 क्विंटल चिनी, 264 किलो लीटर केरोसिन तेल, 2826 क्विंटल काले मसर, 2644 क्विंटल दाल मसरी, 2174 क्विंटल राजमाह, 795 क्विंटल रौंगी दाल, 1786 मूंग साबूत, 5174 क्विंटल नमक, 10973 लीटर रिफाइंड तेल उपलब्ध करवाए गए है।
बॉक्स---
118 डिपो होल्डरों को दी चेतावनी
जिला में प्रथम जनवरी से 30 जून तक उचित मूल्यों की दुकानों के 1524 निरीक्षण किए गए जिसमें 118 डिपो होल्डरों को चेतावनी दी गई। कई डिपुओं में अनियमितता पाए जाने पर 79,500 रुपये प्रतिभूति राशि जब्त की गई। इस दौरान 504 पॉलिथीन निरीक्षण किए गए जिसके अंतर्गत 33,500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। इस अवसर पर जिला नियंत्रक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग प्रताप सिंह चौहान ने विभागीय योजना के बारे में जानकारी दी।
--दुकानों का निरीक्षण करेंगे खाद्य विभाग के अधिकारी
--सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आयोजित बैठक में एडीसी ने दिए निर्देश
--जिला के सभी डिपो में लगी पॉस मशीनें, डिजिटल कार्ड बांटे