नाहन (सिरमौर)। राजकीय सेवानिवृत्त अध्यापक संघ ने लंबित चिकित्सा भत्ता बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। अपनी मांगों को लेकर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को जिला प्रधान दलीप सिंह की अगुवाई में उच्च शिक्षा उपनिदेशक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उपनिदेशक दलबीर जीत को एक मांगपत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल जिला प्रधान दलीप सिंह वर्मा, गुरुदेव सिंह धीमान, मोहन लाल अग्रवाल, वेद प्रकाश, संतराम शर्मा, देवी सहाय शास्त्री, यशपाल कछावा, मास्टर सोमचंद आदि ने शिक्षा उपनिदेशक को बताया कि पेंशनरों के चिकित्सा भत्ता बिल लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। इनका भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि लंबित चिकित्सा भत्ता बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेंशनरों के लिए अलग से बजट का प्रावधान करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि कुछ पेंशनर गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनको अपना इलाज करवाने और परिवार का पालन-पोषण करने में भारी परेशानी हो रही है। ऐसे में ऐसे पेंशनरों के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जाए और उसका भुगतान भी जल्द से जल्द किया जाए।
इस मौके पर पेंशनर की मृत्यु हो जाने पर पारिवारिक पेंशन जल्द लगाने की मांग की। उन्होंने उपनिदेशक के ध्यान में लाया कि ऐसे केस भेजने में देरी की जा रही है। इससे पेंशनर के परिजनों को लंबे समय तक आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के उस फैसले का स्वागत किया जिसमें शिक्षकों को सादे वस्त्रों में स्कूल आने के निर्देश दिए गए।