पांवटा साहिब (सिरमौर)। विजयदशमी पर पांवटा में सामाजिक बुराइयों के रावण का दहन किया गया। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने पांवटा में निकाली रैली। इस दौरान महिलाओं ने महिला हिंसा, दहेज, नशे, सांप्रदायिक हिंसा व आनर किलिंग समेत समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पांवटा के विश्रामगृह से लेकर मुख्य बाजार तक रैली निकालने के बाद पुतला दहन किया गया। जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर और पांवटा इकाई की अध्यक्ष शबाना ने कहा कि विजयदशमी पर्व को बुराइयों पर अच्छाइयों की जीत के रूप में मनाया जाता है। जनवादी महिला समिति ने शुक्रवार को दशहरा के अवसर पर महिला हिंसा, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ समेत सामाजिक बुराइयों के रावण का दहन किया। महिला हिंसा, दहेज प्रथा, नशा समेत समाज में पनपी चुनौतियों के खिलाफ जन जागरण अभियान को एक जन आंदोलन के रूप में शुरू किया गया है। कई बार रूढ़ीवादी परंपरा के चलते महिलाओं को भेदभाव, सांप्रदायिक व जातिवादी हिंसा और आनर किलिंग का शिकार होना पड़ता है। सरकार व पुलिस प्रशासन की लचर व्यवस्था व असंवेदनशीलता के चलते महिलाओं को अपने अधिकारों से वंचित रहना पड़ता है। इसलिए महिलाओं को एकजुट होकर अपने हक व अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ना होगा। इस अवसर पर सह सचिव प्रीति, अंजली, शामा ठाकुर, बाला देवी, अर्चना कुमारी, अंजना देवी, गुरविंद्र कौर, पिंकी, धौलाकुआं कमेटी की अध्यक्षा धनवंत देवी, जसविंद्र, मीना, कमलेश, रक्षा देवी, कुब्जा, आशा, वर्षा, राधा, रेणू, रीता देवी, किसान सभा से गुरविंद्र, रूपलाल व छात्र संगठन से सचिन उपस्थित रहे।