अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। प्री-मानसून के मद्देनजर उपमंडल मुख्यालय राजगढ़ ने आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत उपमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में यहां संपर्क कर सहायता ली जा सकती है। यही नहीं बारिश के दिनों में चुनिंदा विभागों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबी छुट्टी पर न जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम राजगढ़ नरेश वर्मा ने बताया कि राजगढ़ में आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्री-मानसून के मद्देनजर उपमंडल में आपदा प्रबंधन कक्ष की स्थापना की गई है। इस समय अवधि के दौरान चुनिंदा विभागों को भी चिन्हित किया गया है जिसके अधिकारी एवं कर्मचारियों को लंबी छुट्टी पर न जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
लोनिवि को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील स्थलों पर समय रहते आवश्यक मरम्मत की जाए। मशीनरी व श्रम शक्ति हर समय तैयार रखी जाए। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक दवाइयां उपमंडल के सभी केंद्रों में उपलब्ध रखने के लिए कहा गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के अतिरिक्त स्वयं सेवी संस्थाओं, स्कूली बच्चों और युवा क्लबों के सदस्यों को मॉकड्रिल से प्रशिक्षित भी किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थितियों से आसानी से निपटा जा सके।
एसडीएम नरेश वर्मा ने बताया कि उपमंडल राजगढ़ में स्थापित किए गए आपदा नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। क्षेत्र के लोग किसी भी प्रकार की आपदा से संबंधित सूचना दूरभाष नंबर 01799- 221034 पर दे सकते हैं।