महंगाई भत्ते और मेडिकल बिलों का नहीं हुआ भुगतान : पेंशनर
एचआरटीसी के पेंशनर बोले, अनसुनी की जा रही उनकी मांगें
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक शनिवार को नाहन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंच के प्रधान राजेंद्र पाहवा व हरिशरण शर्मा ने कहा कि अभी तक पेंशनरों की मांगों व समस्याओं को अनसुना किया गया है। इससे परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों की समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री सहित निगम प्रबंधन को अवगत करवाया जाएगा ताकि पेंशनरों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 से परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ते व मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया गया। अपने जीवन का बहुमूल्य समय परिवहन निगम को देने के बाद भी सरकार व प्रबंधन द्वारा पेंशनरों को आर्थिक लाभ समय पर नहीं दिया जा रहा है।
बैठक में महंगाई भत्ता व मेडिकल बिलों का जल्द भुगतान करने, चिकित्सा भत्ते को बढ़ाकर 1 हजार रुपये करने, अंतरिम राहत अन्य विभागों की तरह प्रदान करने, पेंशन 2013 की बजाय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार 1 जनवरी 2006 के अनुसार देने की मांग उठाई गई। बैठक में पेंशन का भुगतान हर महीने 5 तारीख को नियमित भुगतान से करने की मांग भी की गई। इस मौके पर मोहन सिंह, अशोक कुमार, सतीश चंद, बृज भूषण, अमन कुमार, केसर सिंह, शशि भूषण, निशा तोमर, सुरेंद्र सैणी, चमन सिंह, हरबंश सिंह व मोहिंद्र सिंह सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।
-----------हितेश