अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिरमौर बीसी बडालिया ने सोमवार को होने वाली मतगणना की तैयारियों को लेकर जायजा लिया। उन्होंने नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए मतगणना केंद्र (एसएफडीए हॉल) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया केंद्र का भी दौरा किया और जरूरी दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित मतगणना केंद्रों में 18 दिसंबर को होने वाली मतगणना की पल-पल की निगरानी वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी। मतगणना केंद्रों की निगरानी भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य चुनाव अधिकारी हिमाचल प्रदेश तथा जिला निर्वाचन अधिकारी वेबकास्टिंग के माध्यम से करेंगे। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि चुनावों के परिणामों के पश्चात पांचों विधानसभा क्षेत्रों में शांति का योगदान दें। उधर, सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मतगणना केंद्रों के सौ मीटर के दायरे को सील कर दिया गया है।
बॉक्स के लिए------
तारुवाला में होगी पांवटा की गणना
पांवटा साहिब (सिरमौर)। निर्वाचन अधिकारी व उप मंडलाधिकारी पांवटा एचएस राणा ने कहा कि सोमवार को मतगणना की पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। पांवटा विस क्षेत्र-58 राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तारुवाला पांवटा में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना होगी। इसके बाद ईवीएम मशीनों की गणना प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान सभी प्रत्याशियों के एजेंटों को परिणाम घोषित होने तक मतगणना कक्ष परिसर में ही रहना होगा। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता रहेगी। मतदान के बाद से ही अर्धसैनिक बल स्कूल परिसर में तैनात हैं। सोमवार को मतगणना के दौरान भी तारुवाला स्कूल परिसर में अर्धसैनिक बल व दर्जनों स्थानीय पुलिस कर्मी भी तैनात रहेंगे।