नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को 538 पोलियो बूथों पर 44,792 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके पराशर ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के 60,549 बच्चों को पोलियो दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। विभाग ने 74 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करते हुए 44,792 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। उन्होंने बताया कि जिले के 6 खंडों में पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 538 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे ताकि अभिभावक अपने निकटतम बूथ पर बच्चों को दवा पिला सकें। इस अभियान को प्रभावी ढंग से कार्यान्वित करने के लिए 2152 कर्मचारी तैनात किए गए थे।
इसके अतिरिक्त 11 ट्रांजिट टीमें जिले की सीमा पर लगे बैरियरों, सभी बस अड्डों पर तैनात रही ताकि यात्रा के दौरान 0 से 5 वर्ष तक की आयु वर्ग के सभी बच्चों को दवा पिलाई जा सके। जिले के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को दवा पिलाने के लिए भी चार मोबाइल टीमें भेजी गई थीं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा तय 60,549 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए 11 व 12 मार्च को स्वास्थ्य, आयुर्वेद विभाग, आशा कार्यकर्ता व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।