‘काला बाशा कौआ तेरे आंगणे’ पर मचा धमाल
लोक कलाकारों के नाम रही रेणुका मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या प्रदेश के नामी लोक कलाकारों के नाम रही। प्रदेश के कोने-कोने से आए कलाकारों ने दर्शकों को हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू करवाया। जनजातीय क्षेत्र किन्नौर से आए कलाकारों की प्रस्तुति इतनी शानदार रही कि संध्या के मुख्यातिथि अतिरिक्त उपायुक्त आदित्य नेगी भी किन्नौरी लोकनृत्य पर झूमने पर विवश हो गए। किन्नौर के कलाकारों ने चांदी जड़ित अपनी आकर्षक वेशभूषा में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके बाद रामपुर के कलाकार एसी भारद्वाज ने तेरा मेरा प्यार अड़िए बचपनों रा.., सानू एक पल चैन न आवे.., दिल दे दिया है जां तुझे देंगे..., हमें तुमसे प्यार कितना.., आदि गीत सुना कर लोगों का मनोरंजन किया। गायक पूर्ण शिवा के मंच पर कदम रखते ही दर्शकों ने फरमाइशों की झड़ी लगा दी, जिसे पूर्ण शिवा ने सिर आंखों पर लिया। पूर्ण शिवा ने अपनी सुरीली आवाज में सबसे पहले बड़ी दूर से आए हैं, प्यार का तोहफा लाए हैं..., गीत सुनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने काला बाशा कौआ..., बदन पे सितारे लपेटे हुए..., गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं..., किन्ना सोना तैनूं रब ने बनाया..., सुख दुखों रा ताना बाना..., आदि गीत सुनाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इससे पहले कलाकार रोशनी शर्मा ने रिमझिम पानी बरसा..., मेरी आमिए बुरा न मानना मेरा..., राजेश चमचमाते तेरे ढाटू..., हैरी ठाकुर ने पूजा करनी बिजटोरी..., अजय वर्मा ने धारो री बांसुरी तुने सुने...,
तुला राम शर्मा, विमला चौहान आदि अनेकों कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर आबकारी विभाग के अतिरिक्त निदेशक हरबंस नेगी, एसडीएम संगड़ाह राजेश धीमान, एसडीएम नाहन विवेक शर्मा, डीपीआरओ बाबूराम चौहान, डीएलओ अनिल हारटा, पुलिस उप अधीक्षक खजाना राम, सीईओ दीपराम शर्मा सहित अन्य अधिकारी और रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।