अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नगर परिषद पांवटा साहिब में दुकानों एवं भवनों के आगे अवैध रूप से बनाए गए रैंप हटा दिए जाएंगे। नगर परिषद पांवटा साहिब की बैठक में निर्णय लिया गया है कि पहले ऐसे लोगों को नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद रैंप हटाने का कार्य शुरू होगा। यदि नगर परिषद के किसी पार्षद ने अवैध रैंप बनाए हैं तो वार्ड में रैंप हटाने की शुरुआत उसी स्थल से होगी।
नगर परिषद कमेटी की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष कृष्णा धीमान ने की। जबकि, विधायक सुखराम चौधरी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर कूड़ा संयंत्र योजना पर प्रमुखता से मंथन किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि इसी माह योजना शुरू होगी। शहरी आवास योजना में 45 घर बनाने और 198 परिवारों को शौचालय बनाने को भी किस्त जारी की गई। भूमिगत डस्टबिन योजना शुरू करने के साथ ही अवैध रैंपों को हटाने के लिए नोटिस जारी करने पर सहमति बनी। साथ ही प्रदेश सरकार की ओर से जारी तीन फीसदी डीए की किस्त नप के कर्मियों को देने का भी एलान किया गया। बैठक में शहरी आवास योजना के तहत चिन्हित 45 निर्धन परिवारों को 1.60 लाख राशि आवास बनाने को प्रदान करने पर भी सहमति बनी, जबकि शहर के 198 परिवारों को शौचालय निर्माण को प्रथम किस्त भी जल्द जारी करने का निर्णय लिया गया। स्ट्रीट लाइटों का लंबित 49 लाख रुपये का बिल जमा करवाने का भी बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। योजना के तहत लगे 27 भूमिगत डस्टबिनों को इसी माह शुरू करवाया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष नवीन शर्मा, कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी, कनिष्ठ अभियंता ललित गोयल, बारू राम शर्मा, नप कमेटी के पार्षद धनवीर सिंह, हरविंद्र कौर, पवन जस्सल, सीमा देवी, जसमेर सिंह, संजय सिंघल, भावना चानना, अनीता देवी, अजीत पाल सिंह चौधरी व सुशील कुमार मौजूद रहे।