गिरिपार में बंद हुई सड़क से मलबा हटाते विभाग के कर्मचारी व यात्री।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
नाहन/संगड़ाह/नौहराधार (सिरमौर)। सिरमौर में बारिश आफत बनकर बरसी। कई जगह 17 घंटे की मूसलाधार बारिश से डेढ़ दर्जन के करीब सड़कें बंद रहीं। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने कुछ सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया है लेकिन कई सड़कों पर अभी भी भूस्खलन जारी है। सड़कें बंद होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नदी-नाले भी उफान पर हैं। कई जगह छोटे नालों में भी बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। सोलन-मीन्स मार्ग पर कंडा नाले में आई भीषण बाढ़ से सड़क के दोनों तरफ दर्जनों छोटे और बड़े वाहन फंसे रहे। सरकारी और निजी बसें निर्धारित समय पर अपने गंतव्य स्थानों तक नहीं जा पाईं। बारिश के कारण उपमंडल संगड़ाह का संपर्क शेष हिमाचल से कट गया है। कुपवी-हरिपुरधार, रोनहाट व नौहराधार, हपिुरधार-संगड़ाह-ददाहू मार्ग पर सैकड़ों वाहन सड़कों पर फंसे हैं। सड़कें बंद होने के कारण यात्रियों को कई किलोमीटरों तक का सफर पैदल सफर तय करना पड़ा। कुपवी-हरिपुरधार मार्ग पर कई जगह भूस्खलन से लोगों को 18 किमी का सफर पैदल तय करना पड़ा। बारिश से सोलन-मीन्स सड़क चौरास, शालना, साजखिल और गुमराह समेत कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गई है। संगड़ाह-रेणुका व संगड़ाह-हरिपुरधार मार्ग पर भी कई स्थानों पर भारी मलबा आ गिरा है। यह मार्ग दोपहर बाद यातायात के लिए बहाल हो पाया।
खुइशरा के समीप एक निजी बस घंटों फंसी रही। बस में बैठे यात्रियों ने गैंती और बेलचे से खुद ही मलबे को साफ करके सड़क यातायात के लिए बहाल की। इसके अलावा संगड़ाह-बोगधार, अंधेरी-ऊंचा टिक्कर, सुंदरघाट-शिवपुर-चाडना, दो सड़का-घाटो मार्ग और थियानबाग-गेहल डिमाइना, दनोई-खूड़ द्राबिल-कोठियां मार्ग भूस्खलन से बंद हो गए। उधर, विभाग के सहायक अभियंता हरिचंद चौहान ने बताया कि संगड़ाह-ददाहू मार्ग को करीब एक बजे तक यातायात के लिए खोल दिया था। संगड़ाह-पालर सड़क को भी बहाल कर दिया गया है। उधर, पच्छाद क्षेत्र में भी आधा दर्जन सड़कें प्रभावित रहीं। सराहां-चंडीगढ़ सड़क मार्ग तमानी के पास भारी मलबा आने के कारण बंद हो गया है। सराहां-सेरशोग सड़क, सराहां-डिलमन, सोलन-केंथघाट व सराहां-नाड़व सड़क भी मलबे से बंद हो गई। क्षेत्रवासी सोमदत्त ठाकुर, नरेश कुमार, संजय कुमार, राकेश शर्मा, वीरेंद्र दत्त, यशपाल, अजीत सिंह और राजेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में घंटों से वर्षा होने के कारण उनके क्षेत्र की सड़कों में जगह जगह मलबा और चिकनी मिट्टी होने के कारण बस रूट प्रभावित हो रहे हैं। नाहन क्षेत्र की कौलांवालाभूड़-सराहां, बजारी-कौलांवालाभूड़, कौंथरो-कालाअंब, मातर भेड़ों आदि रूट भी बारिश से प्रभावित रहे।