ददाहू में व्यापारियों ने किया विद्युत गृह का घेराव
17 घंटे बाद बिजली बहाल न होने पर फूटा गुस्सा
कर्मचारी को सुनाई खरी खोटी, एक घंटे का अल्टीमेटम
बिजली बोर्ड के अधिकारियों को फोन रहे स्विच ऑफ
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
बिजली बहाल न होने से गुस्साए ददाहू व्यापार मंडल के लोगों ने बुधवार शाम विद्युत गृह पर धावा बोल दिया। विद्युत गृह पहुंच कर व्यापारियों ने वहां मौजूद कर्मचारी को जमकर खरी खोटी सुनाई। बता दें कि ददाहू में मंगलवार रात दो बजे से ही बिजली गुल है जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों को उम्मीद थी कि दोपहर तक बिजली आ जाएगी लेकिन जब देर शाम तक बिजली के दर्शन नहीं हुए तो व्यापारियों के सब्र का बांध टूट गया। वह सभी एक जगह इकट्ठे हुए और विद्युत गृह की ओर रवाना हो गए। वहां पहुंच कर उन्होंने कर्मचारी से पूछताछ की लेकिन वह उसके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए।
व्यापार मंडल ददाहू के प्रधान कुलभूषण गोयल के नेतृत्व में यह धावा बोला गया। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी अधिकारी से संपर्क नहीं हो पाया। अधिकतर अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद रहे जिस कारण व्यापारी वापस लौट आए। व्यापारियों ने आने से पूर्व विभाग के कर्मचारियों को एक घंटे में बिजली बहाल करने का अल्टीमेटम भी दिया।
इस मौके पर ददाहू पंचायत के पूर्व प्रधान रविंद्र गोयल, अरुण गर्ग, अशोक अग्रवाल, हरीश गर्ग, पुनीत गुप्ता, भारतभूषण गोयल, पवन अरोड़ा, नरेश गोयल, दीपक, विपिन गोयल आदि दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
----------
------योगेंद्र अग्रवाल=-- तन्हा