अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा/राजपुर(सिरमौर)।
विद्युत सब-स्टेशन पुरुवाला के अंतर्गत आंजभोज क्षेत्र में बुधवार से बिजली गुल है। इस वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बोर्ड की इस लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बिजली के बिना ग्रामीणों के मोबाइल शोपीस बन गए हैं। इन दिनों क्षेत्र में गेहूं की कटाई का काम जोरशोर से चल रहा है। ऐसे में बिना बिजली के लोगों के कामधंधे ठप पड़ गए हैं। वहीं, शादी समारोह बिजली के बगैर फीके हो गए हैं।
बुधवार के बाद वीरवार और शुक्रवार को भी इलाके में बिजली गुल रही। क्षेत्रवासी माधुराम, सुरेश शर्मा, रघुवीर, देवराज, रामकिशन, मामराज, टीकाराम आदि ने बताया कि लगातार दो दिन से नघेता, धनला, भेला, टौरु, डांडाआंज, मूर्तिनागर आदि गांव में बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही। बोर्ड ने बिना किसी पूर्व सूचना के पावर कट लगाए हैं। हालांकि, बिजली बोर्ड ने सोमवार को घोषित कट लगाया था, लेकिन उसके बाद बुधवार रात से शुक्रवार दोपहर तक बिजली गुल रही।
उधर, विद्युत सब-स्टेशन के कनिष्ठ अभियंता अंकित कुमार ने कहा कि मेन लाइन में फाल्ट हो गया था, जिस वजह से बिजली गुल रही। इसे ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।