अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
धारटीधार इलाके की नावणी पंचायत के जमटा में पेयजल संकट गहरा गया है। लिहाजा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि जमटा के एक हिस्से में तकरीबन 4-5 दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है। इसके अलावा कुछ अन्य हिस्से भी पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को दूरदराज स्थित हैंडपंप व बावड़ी आदि से पानी ढोकर गुजारा करना पड़ रहा है।
उधर, विभाग का तर्क है कि पेयजल योजना की मोटर जलने से यह दिक्कत आई है। हैरानी इस बात की है कि अभी तक विभाग पेयजल योजना की मोटर दुरुस्त नहीं करवा पाया है। बताया जा रहा है कि पेयजल योजना की देखरेख का जिम्मा ठेकेदार को सौंपा गया है लेकिन विभाग के कर्मचारियों को बार-बार अवगत कराने के बाद भी कोई सुध नहीं ली जा रही है।
ग्रामीण रविंद्र चौहान, तेजपाल ठाकुर, बलवीर आदि ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से उनके घरों में पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। घर से काफी दूर स्थित एक हैंडपंप से पानी ढोकर गुजारा चलाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कामकाज के लिए घर से बाहर होने के कारण उन्हें ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। काम पर जाने से पहले व काम से लौटते ही सबसे पहले उन्हें पानी ढोने के लिए हैंडपंप की ओर रुख करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मियों को बार-बार अवगत करवाया जाता रहा है, लेकिन अभी तक पानी की आपूर्ति को सुनिश्चित नहीं बनाया गया है। हर बार गर्मियों में लोगों को पेयजल की समस्या झेलनी पड़ती है।
उधर, एसडीओ जोगेंद्र सिंह ने बताया कि पेयजल योजना की मोटर जल गई है। योजना चलाने वाले ठेकेदार को इस बारे में अवगत करवा दिया है। ठेकेदार को जल्द ही मोटर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।