सतौन/नाहन (सिरमौर)।
सिरमौर पुलिस ने नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। नशे का कारोबार करने वालों को दबोचने के लिए बाकायदा स्पेशल टास्क फोर्स (एएफटी) का गठन किया गया है। वीरवार को पुलिस की टीम ने एक युवक को नशीली दवाइयों की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 15 शीशियां, 288 कैप्सूल और नशे की 150 गोलियां बरामद की गई हैं। बताया जा रहा है कि नशे की खेप आरोपी शिलाई में बेचने के लिए ले जा रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू प्रभारी राजेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस की एक टीम कफोटा के पास गश्त पर थी। एक व्यक्ति शिलाई की ओर जा रहा था। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे रोकना चाहा तो वह हड़बड़ा गया। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से उक्त दवाइयां बरामद की गई। उसकी पहचान अनिल कुमार पुत्र धर्म सिंह, निवासी शिल्ला, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने युवक के खिलाफ शिलाई थाना में एनडीपीसी और ड्रग्स एंड कास्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह व्यक्ति दवाइयों की यह खेप कहां से लाया था और कहां लेकर जा रहा था। पुलिस पूछताछ के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा। एसपी रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
----------------