अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर एनपीएस/सीपीएफ (न्यू पेंशन सिस्टम) इंप्लाइज एसोसिएशन की एक अहम बैठक नाहन में हुई जिसकी अध्यक्षता संघ जिलाध्यक्ष सुनील तोमर ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत कार्यरत सीपीएस/सीपीएफ कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मौके पर 25 जुलाई को शिमला में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर होने वाली विशाल रैली को लेकर गहन मंथन किया गया।
निर्णय लिया गया कि शिमला में होने वाली रैली में सिरमौर से भी 500 कर्मचारी भाग लेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील तोमर कहा कि सरकार को चाहिए कि वह प्रदेश में बंद पुरानी पेंशन योजना को सीसीएस नियम 1972 के क्लॉज (50) के तहत बहाल करे।
सुनील ने कहा कि कुछ अर्से से प्रदेश में ठेकेदारी प्रथा व अनुबंध के आधार कर्मचारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं। ऐसे में सालों पढ़ाई करने के बाद ज्यादा उम्र में भी लोगों को अनुबंध या ठेके पर नौकरी मिल रही है जिन्हें पक्का होने के बाद भी पेंशन की सुविधा अब नहीं है। प्रदेश में 15 मई 2003 तथा केंद्र में 1 जनवरी 2004 से पेंशन योजना बंद है। सरकारों ने जो नई पेंशन योजना शुरू की है, वह मात्र एक छलावा है। उससे सामाजिक, पारिवारिक आर्थिक सुरक्षा नहीं मिलती है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सारी जिंदगी सरकार की सेवा करने वाले कर्मचारियों को पेंशन से वंचित कर दिया गया है वहीं जनप्रतिनिधियों को इसका लाभ अब भी दिया जा रहा है। जब जनप्रतिनिधियों का भविष्य पुरानी पेंशन योजना के बिना सुरक्षित नहीं है ऐसे में सारी जिंदगी सरकार को देने वाले कर्मचारियों को भविष्य पुरानी पेंशन योजना के बिना कैसे सुरक्षित रह सकता है। सुनील ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमेशा से कर्मचारी हितैषी रहे हैं, उन्हें चाहिए कि वह प्रदेश में लाखों कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाल करे। यदि वह ऐसा करते हैं तो कांग्रेस के मिशन रिपीट को कोई नहीं रोक सकता।
इस मौके पर शाहिद अली, सुदेश तोमर, मयंक सकलानी, रवि पुंडीर, हरदेव, दुर्गाचंद, जयदीप, परमजीत सिंह पम्मी, सतपाल, देवेंद्र, कुलदीप सिंह, दौलतराम, जोगिंद्र कटोच, शम्मीअली, रामचंद्र, अमरचंद, अवतार सिंह भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
--पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए एकजुट हुए कर्मी
--पुरानी पेंशन बहाल करे तो ही रिपीट होगी प्रदेश सरकार : सुनील
--शिमला रैली में सिरमौर से जाएंगे 500 कर्मचारी
एनपीएस/सीपीएफ (न्यू पेंशन सिस्टम) इंप्लाइज एसोसिएशन की बैठक आयोजित