बिना फिटनेस सर्टिफिकेट चल रहे झूले किए बंद
मनमाने दाम के साथ जिंदगी से भी हो रहा खिलवाड़
पांवटा नगर परिषद करेगी आदेशों का पालन : एसएस नेगी
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ऐतिहासिक होला मोहल्ला में झूला संचालक बिना फिटनेस सर्टिफिकेट के झूले संचालित कर रहे हैं। इन झूलों में लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। संचालक इस वर्ष मनमाने झूला टिकटों के दाम भी वसूल रहे हैं, जिस पर कोई भी अंकुश नहीं लग रहा। एसडीएम पांवटा साहिब ने मेले में बिना फिटनेस और इंश्योरेंस के चल रहे झूलों को बंद करवाने के निर्देश दिए हैं। पांवटा नगर परिषद के माध्यम से झूला संचालकों को औपचारिकताओं को पूरा करने तक झूले बंद रखने को कहा गया है।
21 मार्च से पांवटा साहिब में होला मोहल्ला मेला चल रहा है। इसमें दर्जनों झूले संचालित किए जा रहे हैं। नियमानुसार मेले के दौरान झूलों को शुरू करने से पहले इंश्योरेंश और फिटनेस सर्टिफिकेट जमा करवाना होता है। रोज फिटनेस सर्टिफिकेट की जरूरत होती है, जिससे किसी भी तरह के हादसे की आशंका न रहे। लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम पांवटा ने झूलों को असुरक्षित घोषित कर दिया है। एसडीएम ने नगर परिषद को आदेश देते हुए झूले बंद करने को कहा है। वहीं, इसके बारे में पांवटा नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी ने कहा कि पत्र मिला है। एसडीएम पांवटा के आदेशों का पालना होगा। नगर परिषद कमेटी ने झूला संचालक को सभी औपचारिकताओं को पूरा करने को कहा गया है। मेले में लगे झूलों के फिटनेस सर्टिफिकेट और इंश्योरेंस को एसडीएम कार्यालय में जमा करवाने के बाद झूलों को फिर से शुरू किया जाएगा। एसडीएम पांवटा साहिब एलआर वर्मा ने कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। पांवटा नगर परिषद को आदेश जारी कर दिए हैं, जिसमें इंश्योरेंस और फिटनेस सर्टिफिकेट जमा नहीं करवाने तक झूले बंद रखने को कहा गया है।