सेना ने जबरन रुकवाया निर्माण कार्य
भूतपूर्व सैनिक ने पुलिस में की शिकायत, उचित कार्रवाई की मांग की
मकान की सीढ़ियों का निर्माण करने से रोका
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। शहर के एक भूतपूर्व सैनिक ने सेना पर उसके मकान के निर्माण कार्य को जबरन बंद करने का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में नाहन निवासी शिकायतकर्ता भूतपूर्व सैनिक कमल प्रकाश मित्तल ने कच्चा टैंक पुलिस चौकी में एक लिखित शिकायत सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने कहा कि शमशेर पुर कैंट एरिया के कमेटी क्षेत्र में उसका मकान बना हुआ है। इसका नक्शा भी कमेटी से पास है। वह उस मकान में सीढ़ियों का निर्माण कार्य कर रहे है। इसी दौरान सेना के एक जवान ने स्टेशन हेडक्वार्टर से मिले निर्देशों के बाद इस कार्य को बंद करने को कहा। लेकिन जब ऐसा नहीं किया तो उसने बदतमीजी की और काम का जबरन रुकवा दिया। मित्तल ने कहा कि काम बंद होने के कारण उसका तीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सेना की ओर से पूर्व में भी उसके मकान का कार्य जबरन रोका गया था। इसके बाद वह सेना के अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ कोर्ट गए थे। अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया और स्पष्ट कहा कि किसी भी निर्माण कार्य के लिए उन्हें सेना से इजाजत लेने की जरूरत नहीं है। कमल प्रकाश मित्तल ने कहा कि इसके बाद भी उनके निर्माण कार्य को जबरन रुकवाया गया है, जो कि अदालत के आदेशों की अवहेलना है। उन्होंने कहा कि सेना जबरन आम नागरिकों को परेशान कर रही है। जो जगह उसके क्षेत्राधिकार में भी नहीं है, वहां भी कार्य को रुकवाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से इस संदर्भ में उचित कार्रवाई की मांग की। उधर, कच्चा टैंक पुलिस चौकी के प्रभारी अश्वनी कुमार ने कहा कि भूतपूर्व सैनिक कमल प्रकाश मित्तल की शिकायत मिली है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।