सत्तारूढ़ भाजपा की बैठक में प्लास्टिक गिलासों का प्रयोग
प्रदेश सरकार ने प्लास्टिक-थर्मोकोल पर लगा रखा है प्रतिबंध
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्लास्टिक और थर्मोकोल के कप, प्लेट और गिलासों पर प्रतिबंध लगा रखा है। सरकार की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर काबिले तारीफ मानी जा रही है। लेकिन, इस तरह के उत्पादों का इस्तेमाल न कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की बजाय सत्तारुढ़ दल के अपने कार्यक्रमों में प्लास्टिक के गिलासों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि, सरकारी कार्यक्रमों में प्लास्टिक और थर्मोकोल से बनी प्लेट-कप और गिलासों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा।
मंगलवार को हिंदू आश्रम नाहन में भाजपा की बैठक का आयोजन किया गया। प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में दोपहर के भोजन के समय प्लास्टिक के गिलासों का उपयोग होते हुए देख गया। कार्यकर्ता और नेता खाना-खाने के दौरान प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलासों में पानी पीते हुए देखे गए। हालांकि, भाजपा ने बैठक में प्लास्टिक के गिलास मंगवाने से साफ इंकार किया है। गौरतलब है कि सरकार ने एक लीटर से कम की बोतल और प्लास्टिक के गिलासों के प्रयोग पर पाबंदी लगा रखी है। अधिसूचना जारी होने के बाद अक्तूबर तक इसका स्टॉक खपाने के भी कारोबारियों को निर्देश दिए गए हैं। सरकारी कार्यक्रमों में भी अब ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल नहीं हो रहा। उधर, इस संदर्भ में भाजपा ने प्लास्टिक का इस्तेमाल होने से साफ इंकार किया है। जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने बताया कि पार्टी की ओर से इस तरह के गिलासों को नहीं लाया गया था। हिंदू आश्रम में कई कार्यक्रम होते हैं। शादियां भी होती हैं। हो सकता है पहले के किसी कार्यक्रम के यहां रहे गिलासों को किसी ने इस्तेमाल किया हो लेकिन, पार्टी की तरफ से ऐसे कोई गिलास नहीं मंगवाए गए थे।