अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन की मासिक बैठक टाउन हाल नाहन में हुई जिसकी अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा ने की। इस मौके पर शहर में होने वाली विकास कार्यों पर चर्चा की गईं। इस दौरान नई दुकानें बनाने का भी निर्णय लिया गया। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर ने कहा कि वार्ड पार्षदों को ऐसी जगह चिन्हित करने के लिए लिखा जाएगा, जहां दुकानें बनाई जा सकती हैं। उनकी रिपोर्ट के बाद सेल्फ फाइनेंस योजना के तहत उनका निर्माण किया जाएगा।
बैठक में नए टेंडर लगाने पर भी चर्चा की गई। कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि शहर में 37 कामों के लिए दो करोड़ के टेंडर लगाए गए हैं। शेष कार्यों के लिए टेंडर जल्द लगाए जाएंगे। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले शहर की सभी नालियों की सफाई की जाएगी।
इस दौरान घास व झाड़ियां भी उखाड़ी जाएंगी। इसके लिए आउटसोर्स पर 50 कर्मी तैनात किए गए हैं। वह बरसात के दिनों में हर वक्त चौकन्ना रहेंगे ताकि किसी भी मुश्किल हालात में उनकी सेवाएं ली जा सकें। इस अवसर पर योगेश गुप्ता उर्फ सुक्खू, राकेश गर्ग उर्फ पपली, प्रदीप विज सहित अन्य पार्षद और कर्मचारी उपस्थित रहे।