जिला में एकत्रित हुआ 385 किलोग्राम पॉलिथीन
सड़कों को पक्का करने में होगा उपयोग : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में 27 मई से 2 जून तक चले ‘पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ’ अभियान के तहत 385 किलोग्राम पॉलिथीन एकत्रित किया गया। इस पॉलिथीन को सड़कों के निर्माण में उपयोग लाया जाएगा। उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने बताया कि जिला में ‘पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ’ अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान में विशेषकर स्कूली बच्चों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, स्वयं सहायता समूहों तथा गांव के महिला एवं युवक मंडलों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान एकत्रित पॉलिथीन को लोक निर्माण विभाग को सौंपा जाएगा ताकि इसका उपयोग सड़कों को पक्का करने में किया जा सके।
उपायुक्त ने लोगों से आह्वान किया कि जब भी बाजार में खरीदारी करने जाएं तो अपने साथ जूट या कपड़े का थैला लेकर जाएं। यदि दुकानदार पॉलिथीन में सामान दें तो उसे मना कर दें।
------तन्हा